मुजफ्फरनगर: दिल्ली-देहरादून हाईवे पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बागपत निवासी मर्चेंट नेवी कर्मी मोहन कश्यप (24) की मौत हो गई, जबकि उनकी माता गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मोहन को मृत घोषित कर दिया। घायल मां को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, बागपत जिले के इदरीशपुर गांव निवासी मोहन कश्यप ईरान में मर्चेंट नेवी में तैनात थे और वर्तमान में छुट्टी पर घर आए हुए थे। शुक्रवार को वह अपनी 43 वर्षीय मां मुकेश को दवाई दिलाने के लिए शामली गए थे। दवाई लेने के बाद दोनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे।

इसी दौरान फुगाना थाना क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर दोपहर करीब 3 बजे उनकी बाइक एक डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि मां-बेटा दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर फुगाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने मोहन को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी मां को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। परिजन भी सूचना पाकर अस्पताल पहुंच गए, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस के अनुसार, अभी तक मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मोहन कश्यप अपने परिवार में सबसे बड़े थे। वह लगभग डेढ़ साल पहले मर्चेंट नेवी में शामिल हुए थे और ईरान में तैनात थे। उनके पिता शिव नारायण ईंट भट्ठे पर काम करते हैं। परिवार में तीन छोटे भाई आकाश, ऋतिक और अक्षय हैं, जो अभी पढ़ाई कर रहे हैं। मोहन अविवाहित थे और उनकी असमय मौत से गांव में शोक का माहौल है।