मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र में मोबाइल टॉवर से हुई लाखों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

थाना प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह ने बताया कि बीते 24 दिसंबर की रात थाना क्षेत्र के गांव छछरौली और भिड़ाहेड़ी में स्थित मोबाइल टावरों को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने कीमती इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी कर लिए थे। इस संबंध में विशाल कुमार निवासी अमित विहार, कूकड़ा (थाना नई मंडी) की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया था।

शनिवार को पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर मोरना से बिहारगढ़ की ओर जाने वाले मार्ग पर राजवाहा पुलिया के पास घेराबंदी कर चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से करीब 6.50 लाख रुपये मूल्य के दो 5जी बीबीयू कार्ड, दो अन्य इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स, दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू और चोरी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अदनान पुत्र इमरान और शाहनवाज उर्फ आजाद पुत्र इरफान निवासी मोहल्ला इस्लामाबाद भूड़, थाना खतौली; शादाब उर्फ सड्डा पुत्र मुराद अली निवासी नई बस्ती मोरना, थाना भोपा; तथा साहिब पुत्र राशिद निवासी ग्राम नंगला रेहरू, थाना फलावदा, जनपद मेरठ के रूप में हुई है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और आगे की कार्रवाई जारी है।