मुजफ्फरनगर के नॉवल्टी चौराहे स्थित अरोरा इलेक्ट्रॉनिक्स एंड गिफ्ट शॉप में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड के बाद व्यापारी अभिनव अरोरा का परिवार गहरे सदमे में है। घटना के तीन दिन बाद भी नुकसान का पूरा आकलन नहीं हो पाया है, जबकि परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा है।
घटना के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा अपने साथियों के साथ पीड़ित व्यापारी से मिलने पहुंचे और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया। मुलाकात के दौरान अभिनव अरोरा ने बताया कि आग लगने से उनकी पूरी दुकान का सामान जलकर राख हो गया।
उन्होंने कहा कि दुकान में लगभग 15 से 16 लाख रुपये का माल मौजूद था, जो पूरी तरह नष्ट हो गया। यह दुकान उनके परिवार की आय का प्रमुख स्रोत थी और पिछले कई वर्षों की बचत इसी व्यवसाय में लगी हुई थी।

पीड़ित व्यापारी ने भावुक होकर बताया कि हादसे ने उनकी आर्थिक स्थिति पूरी तरह बिगाड़ दी है। दुकान किराए की थी और वे स्वयं भी किराए के मकान में रहते हैं, ऐसे में एक झटके में सब कुछ खत्म हो जाने से परिवार गंभीर संकट में आ गया है। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता और राहत पैकेज की मांग की है ताकि वे दोबारा अपना कारोबार शुरू कर सकें।
इस दौरान मौके पर पहुंचे सपा नेता राकेश शर्मा ने परिवार को सांत्वना दी और कहा कि वे सोमवार को प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर पीड़ित को राहत दिलाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग शहर की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है और ऐसे मामलों में प्रशासन को संवेदनशील रवैया अपनाना चाहिए।