मुजफ्फरनगर के गढ़ी गांव में शनिवार सुबह आवारा कुत्ते के हमले से अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में करीब 30 लोग घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार और एंटी-रेबीज इंजेक्शन देकर छुट्टी दे दी गई।

काम पर जाते लोगों पर हमला

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9 बजे गांव गढ़ी के रहने वाले इंदर, असफाख, शिवम, अमन, मोनिका, फरमान, अरुण, यश, मोहित, राजीव पाल समेत कुछ लोग और आसपास के गांव खलवाड़ामोहलकी के लोग बाइक से जानसठ की ओर काम पर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में मौजूद एक आवारा मादा कुत्ते ने अचानक उन पर हमला कर दिया।

कुत्ते ने बाइक पर सवार लोगों के पैरों पर काट लिया, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ घायलों के घाव गहरे होने के कारण उन्हें काफी परेशानी हुई। शोर मचने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।

अस्पताल में कराया गया इलाज

घायलों को तुरंत सीएचसी जानसठ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया और एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाकर घर भेज दिया।

प्रशासन ने दिए कार्रवाई के संकेत

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए एसडीएम राजकुमार भारती ने कहा कि नगर क्षेत्र और आसपास घूम रहे आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए नगर पालिका को निर्देश दिए जाएंगे, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।