मुजफ्फरनगर। जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व सभासद बिजेंद्र पाल का लंबी बीमारी के बाद मंगलवार को निधन हो गया। वह करीब दो महीने से अस्वस्थ थे। उनके निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर फैल गई। उनका अंतिम संस्कार बुधवार सुबह 10 बजे शहर के श्मशान घाट पर किया जाएगा।
बिजेंद्र पाल भाजपा संगठन में लंबे समय तक सक्रिय रहे और जिला स्तर पर अहम जिम्मेदारियां निभाईं। राजनीति के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में भी उनकी खास पहचान थी। पिछले लगभग दो दशकों से वह शक्ति क्लब रामलीला कमेटी के अध्यक्ष के रूप में जुड़े रहे और कच्ची सड़क क्षेत्र में रामलीला के सफल आयोजन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके नेतृत्व में रामलीला ने क्षेत्र में एक अलग पहचान बनाई।
वह पूर्व में सभासद भी रह चुके थे, जबकि वर्तमान में उनकी पत्नी कुसुमलता पाल सभासद के रूप में कार्यरत हैं। उनके निधन की सूचना के बाद उनके आवास पर शोक व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा। भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय गणमान्य लोगों ने इसे जिले के लिए बड़ी क्षति बताया है।