मुजफ्फरनगर: चरथावल थाना क्षेत्र के दुधली गांव के जंगल में राष्ट्रीय पक्षी मोर घायल अवस्था में पाया गया। सूचना मिलने पर स्थानीय पशु प्रेमियों और वन विभाग की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मोर को सुरक्षित रेस्क्यू किया।
जानकारी के अनुसार, खेतों में काम कर रहे एक किसान ने घायल मोर को देखा और तुरंत स्थानीय पशु प्रेमियों व वन विभाग को सूचना दी। पशु प्रेमी सन्नी पंजाबी और उनकी टीम भी मौके पर पहुंच गई। मोर काफी घायल था और उड़ने में असमर्थ था। वन विभाग के अधिकारियों की निगरानी में मोर को सावधानीपूर्वक सुरक्षित निकाला गया।
घायल मोर को तत्काल उपचार के लिए एक सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है, जहाँ उसका इलाज जारी है। स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू टीम की त्वरित प्रतिक्रिया और प्रयासों की सराहना की। वन विभाग ने जनता से अपील की है कि अगर कोई वन्यजीव घायल या संकट में नजर आए, तो तुरंत विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते उसकी मदद की जा सके।