मुजफ्फरनगर। जनपद के शाहपुर कस्बे में स्थित एक मदरसे में 70 वर्षीय मौलाना इकबाल पर एक किशोर छात्र के साथ यौन उत्पीड़न करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

पीड़ित छात्र के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी मौलाना को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लगभग 40 वर्षों से मदरसे में बच्चों को धार्मिक शिक्षा दे रहा था, जिसके चलते इस घटना ने कस्बे के लोगों को झकझोर कर रख दिया।

पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर पीड़ित के पिता ने तहरीर दी थी। इसके बाद पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मदरसे से जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ कर आरोपी का पता लगाया गया और उसे गिरफ्तार किया गया।

कस्बे के लोग इस घटना को बेहद शर्मनाक बता रहे हैं। उनका कहना है कि मौलाना इकबाल के बारे में ऐसा कोई शक नहीं था। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं।