मुजफ्फरनगर: समाजवादी पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के मार्गदर्शन में बहुजन नायक कांशीराम की जयंती “बहुजन समाज दिवस” और “पीडीए दिवस” के रूप में मनाई। इस अवसर पर पार्टी कार्यालय में हजारों कार्यकर्ताओं ने कांशीराम के विचारों और आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष ज़िया चौधरी (एडवोकेट) ने की, जबकि संचालन की जिम्मेदारी सपा नेताओं साजिद हसन और पवन बंसल ने निभाई। समारोह की शुरुआत “जब तक सूरज चांद रहेगा, कांशीराम का नाम रहेगा” के नारों के साथ हुई और उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
ज़िला अध्यक्ष ज़िया चौधरी ने कहा कि कांशीराम ने दलित, पिछड़े और वंचित समाज के लिए जो संघर्ष किया, समाजवादी पार्टी उसे आगे बढ़ा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि अखिलेश यादव उनके विचारों को प्राथमिकता देकर समाज में बदलाव के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
पूर्व सांसद कादिर राणा ने 1993 के मुलायम सिंह यादव–कांशीराम गठजोड़ की यादें साझा की और बताया कि सपा आज भी कांशीराम के आदर्शों की सच्ची वारिस है। चरथावल विधायक पंकज मलिक ने कहा कि सपा कृषि मसीहा चौधरी चरण सिंह के साथ कांशीराम के पीडीए मिशन को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने भाजपा पर जातिगत और धार्मिक नफरत फैलाने का आरोप लगाया और 2027 में सरकार बनाकर पीडीए को राजनीतिक हिस्सेदारी दिलाने का वादा किया।
इस अवसर पर सपा महानगर अध्यक्ष बॉबी त्यागी, राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा, जिला बार संघ अध्यक्ष प्रमोद त्यागी, प्रदेश सचिव विनय पाल, और नौशाद अली सहित कई नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। समाजवादी महिला सभा की जिलाध्यक्ष पूजा अनिल अंबेडकर ने समर्थकों को लड्डू खिलाकर उत्सव मनाया। वहीं डॉ. मोनिका सिंह ने सैकड़ों समर्थकों के साथ पार्टी में शामिल होने की घोषणा की, और लोकेंद्र कुमार पुरकाजी भी सैकड़ों लोगों के साथ पैदल चलकर श्रद्धांजलि देने पहुंचे।