मुजफ्फरनगर। जिले के सिखेड़ा थाना क्षेत्र में एक युवक ने आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना से पहले उसका अपनी पत्नी से विवाद हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान 25 वर्षीय प्रिंस उर्फ बचन के रूप में हुई है, जो भंडूरा गांव का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि उसका अपनी पत्नी से शराब पीने को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद वह रात में घर से निकल गया।

अगले दिन सुबह उसका शव पास के गांव जट मुझेड़ा के जंगल में एक पेड़ से लटका मिला। रास्ते से गुजर रहे एक युवक की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद उसने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी।

सूचना मिलते ही सिखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर मोर्चरी भिजवाया। परिजनों को बुलाकर शव की पहचान कराई गई।

पुलिस के अनुसार, अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।