मुज़फ़्फ़रनगर के खालापार थाना क्षेत्र में पूर्व बसपा सांसद हाजी याकूब कुरैशी की भतीजी ज़ैबा से जुड़ा मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। ज़ैबा ने अपने ससुराल के ताले तोड़कर घर में प्रवेश कर लिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, ज़ैबा पिछले लगभग पांच दिनों से अपनी बच्चियों की कस्टडी और ससुराल में अपने अधिकारों की मांग को लेकर न्याय की गुहार लगा रही थीं। इस दौरान वह खालापार स्थित ससुराल के बाहर लगातार मौजूद रहीं।

बताया जा रहा है कि उनके पति फराज और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य पहले ही घर पर ताला लगाकर वहां से चले गए थे। इसके बाद रविवार शाम ज़ैबा ने सख्त कदम उठाते हुए घर के ताले तोड़ दिए और अंदर प्रवेश कर गईं। घर के भीतर से उन्होंने एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से वायरल हो रहा है।

सूत्रों के अनुसार, यह पूरा मामला करीब 5 करोड़ रुपये से अधिक के कथित चिटफंड विवाद से भी जुड़ा हुआ बताया जा रहा है, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ है।

फिलहाल, पीड़िता लगातार अपनी बच्चियों को वापस दिलाने और न्याय की मांग कर रही है। वहीं दूसरी ओर, ससुराल पक्ष के घर पर ताला लगा होना और उनके कथित रूप से फरार होने की बात सामने आने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। इस घटनाक्रम के बाद खालापार क्षेत्र में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।