सिसौली/तितावी: नसीरपुर गांव में चल रहे विवाद को खत्म करने के लिए सिसौली स्थित भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के अध्यक्ष नरेश टिकैत के आवास पर एक पंचायत आयोजित की गई। बैठक में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बन गई, जिसके बाद 14 मार्च को प्रस्तावित पंचायत को स्थगित कर दिया गया।
पंचायत के बाद चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि इस समझौते में किसी की जीत या हार नहीं हुई है, बल्कि यह सामाजिक सद्भाव और आपसी समझदारी का परिणाम है।
बुधवार को हुई इस पंचायत में हरेंद्र मलिक सहित कई सामाजिक और किसान संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पुराण सिंह, थांबेदार रविंद्र मलिक, ओमप्रकाश कश्यप, दुष्यंत कश्यप, सीमा कश्यप और संगठन के उपाध्यक्ष अनु मलिक समेत सैकड़ों लोग पंचायत में शामिल हुए।
बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी बात रखी और पंचायत के फैसले को स्वीकार करते हुए भविष्य में किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई से बचने पर सहमति जताई। दोनों पक्षों की ओर से लिखित रूप में समझौता भी पंचायत को सौंप दिया गया।
पंचायत में लिए गए निर्णय की जानकारी पुलिस प्रशासन को भी दी गई। इस संबंध में मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय वर्मा को भी अवगत कराया गया।
इस मौके पर मास्टर ओमपाल सिंह, वीरेंद्र सिंह, कृष्ण पाल, रविंद्र, अभिनव, गौरव टिकैत, खाप चौधरी राकेश कश्यप और फूल सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।
पंचायत को संबोधित करते हुए चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि समाज में आपसी रंजिश को खत्म करना जरूरी है। उन्होंने लोगों से सामाजिक एकता बनाए रखने और पंचायत के फैसलों का सम्मान करने की अपील की। उनका कहना था कि आपसी विवाद से केवल नुकसान होता है, इसलिए समाज के हित में मिल-बैठकर समाधान निकालना ही बेहतर रास्ता है।