मुजफ्फरनगर में सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी एक संयुक्त जनसभा को संबोधित करेंगे। इस बड़े कार्यक्रम को लेकर शहर के नुमाइश ग्राउंड में तैयारियों ने तेजी पकड़ ली है।
शनिवार को तैयारियों का जायजा लेने के लिए कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल और रालोद सांसद चंदन सिंह चौहान सहित भाजपा और रालोद के कई वरिष्ठ नेता मौके पर पहुंचे। नेताओं ने मंच व्यवस्था, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क मोड में है। एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर, सहारनपुर मंडल के कमिश्नर डॉ. रुपेश और डीआईजी अभिषेक सिंह ने भी मुजफ्फरनगर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी उमेश कुमार मिश्रा, एसएसपी संजय वर्मा और एसपी सिटी अमृत जैन समेत कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के तहत एक रोजगार मेले का भी आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्देश्य युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उत्तर प्रदेश सरकार की इस पहल में कई निजी कंपनियां भाग लेंगी, जिससे युवाओं को सीधे नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।
राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि इस मेले में स्किल डेवलपमेंट पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि युवाओं को रोजगार के लिए बेहतर तरीके से तैयार किया जा सके।
इसके अलावा मेले में करियर मार्गदर्शन, शिक्षा और जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरे जिले में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।