मुजफ्फरनगर में महिलाओं के सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान के तहत पिंक स्कूटी रैली का आयोजन किया गया। पुलिस लाइन से शुरू हुई इस रैली को एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ, सीओ जानसठ रूपाली राव, सीओ ऋषिका सिंह, सीओ भोपा देवव्रत वाजपेयी, सीओ सदर डॉ. रविशंकर, सीओ खतौली रामआशीष यादव, आरआई ऊदल सिंह समेत कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि इस अभियान का मकसद महिलाओं और छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और समाज में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है।
पिंक स्कूटी रैली के दौरान पुलिसकर्मी विभिन्न इलाकों में रुक-रुक कर महिलाओं और छात्राओं को सरकार की योजनाओं, हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090, 112, 181 और महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों की जानकारी दे रहे हैं। रैली में शामिल अधिकारी महिलाओं को साइबर अपराध, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा से बचाव और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से समझा रहे हैं।
मुजफ्फरनगर पुलिस लगातार ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है, ताकि महिलाओं को सशक्त बनाने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके और हर क्षेत्र में सुरक्षित माहौल सुनिश्चित किया जा सके।