मुजफ्फरनगर में अचानक मौसम में बदलाव आया है, जिससे आम लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। सुबह से ही काले बादल घिर आए और तेज हवाओं ने वातावरण को सुहावना बना दिया।
मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही हवाओं ने तापमान में ठंडक घोल दी है। वहीं, वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 124 रिकॉर्ड किया गया है, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है।
मौसम में इस बदलाव के चलते बारिश की संभावना भी बनी हुई है। हालांकि यह आम लोगों के लिए राहत का कारण है, वहीं किसानों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। विशेषकर खेतों में खड़ी पकी हुई गेहूं की फसल और रखे हुए भूसे को नुकसान पहुंचने का खतरा मंडरा रहा है।
किसानों का कहना है कि कई स्थानों पर गेहूं की फसल कटकर खेतों में ही पड़ी है, और तेज हवाओं या बारिश की स्थिति में फसलों को नुकसान होने की संभावना है। फिलहाल, मौसम का यह नया मिजाज जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत दे रहा है, वहीं दूसरी ओर किसानों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।