पीलीभीत के जहानाबाद क्षेत्र में रविवार रात दर्दनाक हादसे में निजी बस मालिक और उनके बेटे की करंट लगने से मौत हो गई। गौनेरी वदी गांव के पास हाईटेंशन लाइन के ढीले तार बस की छत से छू गए, जिसके बाद पूरे वाहन में करंट फैल गया और देखते ही देखते यह बड़ा हादसा बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही बस तारों के संपर्क में आई, उसमें अचानक तेज करंट दौड़ गया और आगे के हिस्से में आग जैसी स्थिति बन गई। बस में सवार पिता-पुत्र ने बचने की कोशिश की, लेकिन हालात बेहद खतरनाक हो चुके थे। बस मालिक सज्जन खां किसी तरह सीट से कूदकर बाहर निकलने लगे, जबकि उनके बेटे सुब्हान ने दरवाजे की ओर भागने की कोशिश की।
बताया गया कि जैसे ही सुब्हान ने लोहे के गेट को छुआ, वह करंट की चपेट में आ गए और वहीं चिपक गए। उनका एक पैर बस की सीढ़ी पर और दूसरा जमीन पर था, जिससे अर्थिंग बनते ही करंट और तेज हो गया। इस दौरान उनके पैर और चप्पलें तक जल गईं। बेटे को बचाने पहुंचे पिता भी करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बस में सवार करंट इतना तेज था कि कुछ ही क्षणों में स्थिति बेकाबू हो गई। ग्रामीणों ने किसी तरह दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सज्जन खां (50) अपने बेटे सुब्हान (20) के साथ एक शादी समारोह में बरात छोड़ने के लिए गौनेरी वदी गांव गए थे। बरातियों को छोड़ने के बाद दोनों बस लेकर वापस पीलीभीत लौट रहे थे, तभी लिंक रोड पर यह हादसा हो गया।
घटना के बाद क्षेत्र में गुस्सा फैल गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से झूलते हाईटेंशन तारों को ठीक कराने की मांग की जा रही थी, लेकिन बिजली विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।
नाराज ग्रामीणों ने जहानाबाद-रिछा मार्ग पर जाम लगाकर धरना शुरू कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने लोगों को समझाया और जल्द तारों को ठीक कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति को शांत कराने की कोशिश की गई।