प्रयागराज एसटीएफ की टीम ने रविवार देर रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए अयोध्या के महाराजगंज थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान कुख्यात अपराधी और कॉन्ट्रैक्ट किलर भानु प्रताप सिंह को ढेर कर दिया। मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल बदमाश को तुरंत मेडिकल कॉलेज अयोध्या ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, भानु प्रताप सिंह मूल रूप से गोरखपुर जिले के बेलघाट क्षेत्र के विधनापार गांव का रहने वाला था। उस पर हत्या, डकैती और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े 40 से अधिक मामले दर्ज थे। लंबे समय से वह पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। विभिन्न जिलों में उसके खिलाफ एक लाख, 50 हजार और 15 हजार रुपये तक के इनाम भी घोषित किए गए थे।

एसटीएफ सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई इंस्पेक्टर जेपी राय के नेतृत्व में की गई। टीम ने महाराजगंज थाना क्षेत्र में उसे घेरने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों ओर से हुई गोलीबारी में भानु प्रताप सिंह के सीने में गोली लग गई।

घटना के बाद घायल अवस्था में उसे देर रात करीब 12 बजे मेडिकल कॉलेज लाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस और एसटीएफ के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

दर्शन नगर चौकी प्रभारी बृजभूषण ने भी पुष्टि की कि घायल बदमाश को अस्पताल लाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।