चेन्नई से बड़ी खबर सामने आई है, जहां मशहूर यूट्यूबर मारिदास को चेन्नई सिटी पुलिस की स्पेशल टीम ने हिरासत में ले लिया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने टीवीके सरकार, मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और राज्य के कई मंत्रियों के खिलाफ आपत्तिजनक और आलोचनात्मक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए थे।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, लगातार सरकार के कामकाज पर ऑनलाइन टिप्पणियों और आरोपों के बाद चेन्नई पुलिस के साइबर क्राइम विभाग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए उनके खिलाफ मामला दर्ज किया था।
मदुरै से हिरासत में लिए गए मारिदास
सोमवार को चेन्नई साइबर क्राइम विंग की टीम मदुरै पहुंची, जहां स्थानीय पुलिस की मदद से यूट्यूबर मारिदास को उनके सूर्या नगर स्थित आवास से हिरासत में लिया गया। इसके बाद उन्हें आगे की पूछताछ के लिए चेन्नई ले जाया जा रहा है।
पुलिस का बयान
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि साइबर क्राइम मामले में पूछताछ के लिए हिरासत की कार्रवाई की गई है। अधिकारी ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट किया जाएगा कि किन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मारिदास सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हैं और अपने राजनीतिक विचारों के कारण पहले भी विवादों में रह चुके हैं। उनके खिलाफ पहले भी कई शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं।