बरेली: फरीदपुर विधानसभा के भाजपा विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का शुक्रवार को हार्ट अटैक से निधन हो गया। वह सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की बैठक में शामिल हुए थे। बैठक के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और सांस लेने में दिक्कत होने लगी। उन्हें तुरंत पीलीभीत बाईपास स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
डॉ. श्याम बिहारी लाल फरीदपुर से दूसरी बार विधायक बने थे। 1 जनवरी को उन्होंने समर्थकों के साथ अपना जन्मदिन मनाया था। उनके निधन की खबर मिलते ही अस्पताल और उनके आवास पर समर्थकों और जनता की भारी भीड़ जमा हो गई।
दोबारा जीत कर बनाया था रिकॉर्ड
2022 के विधानसभा चुनाव में डॉ. श्याम बिहारी लाल ने फरीदपुर की सुरक्षित सीट पर जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया। यह सीट पर लगातार दूसरी जीत थी, जो आजादी के बाद किसी भी प्रत्याशी के लिए संभव नहीं हुआ था। रूहेलखंड विश्वविद्यालय के इतिहास के प्रोफेसर रह चुके डॉ. श्याम बिहारी ने सपा प्रत्याशी को हराकर 2022 में जीत हासिल की। इससे पहले 2017 में उन्होंने सियाराम सागर को हराकर पहली जीत दर्ज की थी।
सीएम योगी ने जताया शोक
विधायक के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, “माननीय विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान एवं शांति प्रदान करें।”