आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आगरा दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। रविवार को प्रदेश के पर्यटन एवं आगरा प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने सर्किट हाउस और कमिश्नरी में अधिकारियों के साथ बैठकें कर तैयारियों का जायजा लिया। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा ग्रेटर आगरा में शुरू की जा रही विकास परियोजनाएं क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होंगी।

बैठक के बाद प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने रायपुर-रहनकलां में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। कार्यक्रम स्थल को इनर रिंग रोड और एक्सप्रेसवे के नजदीक चुना गया है। मुख्यमंत्री के दौरे से पहले पीडब्ल्यूडी विभाग इनर रिंग रोड से गढ़ी संपत तक नई सड़क का निर्माण कर रहा है, जो कई वर्षों से जर्जर थी और लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी।

दौरे की रूपरेखा
मुख्यमंत्री मंगलवार को दोपहर 2:30 बजे हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। 2:45 बजे वह ग्रेटर आगरा टाउनशिप का शिलान्यास और भूमि पूजन करेंगे। इसके बाद करोड़ों की अन्य विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने मंच, हेलीपैड, पार्किंग, मीडिया दीर्घा और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर नोडल अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।

उन्होंने शिलापट्टों की तैयारी और लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरण की सूची समय से पूरा करने को कहा। निरीक्षण में जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, महापौर हेमलता दिवाकर, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, कई विधायक और अधिकारी मौजूद रहे।

ग्रेटर आगरा टाउनशिप की विशेषताएं और लागत
इस टाउनशिप का कुल क्षेत्रफल 449.65 हेक्टेयर होगा और इसे 5142 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा। योजना के तहत टाउनशिप में विश्वस्तरीय इन्फ्रास्ट्रक्चर, चौड़ी सड़कें और अत्याधुनिक नागरिक सुविधाएं होंगी।

प्लॉट की कीमतें भी तय कर दी गई हैं। आवासीय प्लॉट की न्यूनतम दर 33,000 रुपये प्रति वर्ग मीटर होगी। व्यावसायिक प्लॉट के लिए 66,000 रुपये प्रति वर्ग मीटर निर्धारित किए गए हैं। मिश्रित उपयोग वाले प्लॉट, जिनमें भूतल व्यावसायिक और ऊपर के तल पर आवासीय परिसर होंगे, के लिए 50,000 रुपये प्रति वर्ग मीटर खर्च करना होगा। इस टाउनशिप के विकसित होने से करीब 50,000 लोगों को आधुनिक और सुविधाजनक घर उपलब्ध होंगे।