पश्चिम बंगाल की फलता विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के पूर्व उम्मीदवार जहांगीर खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने उन्हें नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र से हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए देश छोड़कर नेपाल भागने की कोशिश कर रहे थे।
सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी के समय और स्थान को लेकर पुलिस ने अभी पूरी जानकारी साझा नहीं की है। संभावना है कि इस मामले में जल्द ही एसटीएफ की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत खुलासा किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव के बाद से जहांगीर खान लापता चल रहे थे। पुलिस और एसटीएफ उनकी लगातार तलाश कर रही थी। उनके खिलाफ कुल सात आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें गंभीर धाराएं शामिल हैं।
एसटीएफ ने तकनीकी निगरानी और सर्विलांस के जरिए उनकी लोकेशन ट्रैक की। बताया जा रहा है कि उनके एक सहयोगी के मोबाइल फोन की ट्रैकिंग के जरिए पुलिस को अहम सुराग मिला, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया गया।
जहांगीर खान पर हत्या के प्रयास, दंगा भड़काने, जबरन वसूली और अन्य गंभीर अपराधों के आरोप हैं। इसके अलावा उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा मामला भी दर्ज है, जिसकी जांच प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा की जा रही है।
वह हालिया विधानसभा चुनाव में टीएमसी के टिकट पर फलता सीट से उम्मीदवार थे, हालांकि प्रचार के अंतिम चरण में उन्होंने चुनावी दौड़ से पीछे हटने की घोषणा कर दी थी। चुनाव परिणामों में यह सीट भारतीय जनता पार्टी (BJP) के खाते में गई थी।
चुनाव प्रचार के दौरान उनके विवादित बयानों ने भी काफी सुर्खियां बटोरी थीं, जिसमें एक आईपीएस अधिकारी के प्रति कथित टिप्पणी और फिल्मी अंदाज में दिया गया बयान शामिल था। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।