देहरादून: चंद्रबनी चौक के पास गुरुवार सुबह एक सैलून में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही फायर सर्विस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और काफी मेहनत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया।

जानकारी के मुताबिक, सिटी कंट्रोल रूम के जरिए फायर स्टेशन देहरादून को चंद्रबनी चौक के पास स्थित एक सैलून में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद फायर यूनिट बिना देरी किए घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि आग “बिग मास्टर हेयर एंड ब्यूटी सैलून” के अंदर लगी हुई थी और तेजी से फैल रही थी।

स्थिति को देखते हुए दमकल कर्मियों ने एक होजरील और एक डिलीवरी होज पाइप की मदद से चारों ओर से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। लगातार प्रयासों के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया, जिससे आसपास की अन्य दुकानों को सुरक्षित बचा लिया गया।

इस दौरान गैल फायर सर्विस की टीम भी मौके पर मौजूद रही और राहत कार्य में सहयोग किया। आग की वजह से सैलून के अंदर रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया, हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा नुकसान होने से टल गया।