कुंभ मेले के नजदीक आते ही धर्मनगरी हरिद्वार में नियमों और मर्यादाओं के उल्लंघन के मामले सामने आने लगे हैं। हर की पैड़ी क्षेत्र के पास ऐसी घटनाएं देखी गईं, जिनसे स्थानीय लोगों और धार्मिक संगठनों में नाराजगी फैल गई है।

हर की पैड़ी के पास कुत्ते को गंगा में नहलाया

जानकारी के अनुसार, हरियाणा और दिल्ली से आई कुछ महिलाएं गंगा स्नान से पहले अपने पालतू कुत्ते को भी गंगा में नहलाती नजर आईं। इस दौरान घाट पर मौजूद कर्मचारियों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद हल्की बहस भी हुई, लेकिन महिला ने कुत्ते को गंगा में नहलाया और यह भी कहा कि कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। यह घटना हर की पैड़ी के पास हुई, जिसे लेकर स्थानीय स्तर पर नाराजगी जताई जा रही है।

गंग नहर में मछलियां मारते दिखे युवक

इसके अलावा गंग नहर के एक हिस्से में निर्माण कार्य के पास कुछ युवक डंडों से मछलियां पकड़ते हुए दिखाई दिए। बताया जा रहा है कि ये युवक झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र के रहने वाले हैं। वीडियो में वे खुलेआम मछलियां मारते नजर आए, जिस पर कई लोगों ने आपत्ति जताई, लेकिन युवकों ने उन्हें नजरअंदाज कर दिया।

धार्मिक संगठनों में नाराजगी

इन दोनों घटनाओं के बाद धार्मिक और सामाजिक संगठनों में गहरी नाराजगी देखने को मिल रही है।

श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष अधीर कौशिक ने इन घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हरिद्वार एक पवित्र तीर्थ स्थल है और यहां इस तरह की गतिविधियां धार्मिक भावनाओं को आहत करती हैं। उन्होंने कहा कि गंगा की पवित्रता और आस्था से जुड़े नियमों का पालन हर हाल में होना चाहिए।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इन मामलों पर तुरंत कार्रवाई की जाए, अन्यथा कुंभ के दौरान इस मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।