मुजफ्फरनगर में 4 मई को श्री श्याम गुणगान महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम नई मंडी स्थित प्रवाल्टी भवन में श्रीश्याम परिवार सुखी संसार समिति द्वारा आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव की शुरुआत रविवार शाम 7:30 बजे से होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।


समिति के संस्थापक प्रवीण गोयल के अनुसार आयोजन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। बाबा श्याम के दरबार को फूलों से भव्य रूप से सजाया जाएगा। साथ ही आकर्षक लाइटिंग, विशेष श्रृंगार और अखंड ज्योति का आयोजन श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण रहेगा।

कार्यक्रम में भजन संध्या का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रसिद्ध भजन गायक गौरव शर्मा (नंदू जी महाराज) करीब 10 साल बाद मुजफ्फरनगर में प्रस्तुति देंगे। उनके भजनों के जरिए श्रद्धालु भक्ति भाव में डूब जाएंगे। इसके अलावा आगरा से अंकुश शर्मा और दिल्ली से शिव इंटरनेशनल म्यूजिकल ग्रुप भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम देर रात तक चलेगा।

आयोजन समिति ने बताया कि जो श्रद्धालु मौके पर नहीं पहुंच सकेंगे, उनके लिए महोत्सव का सीधा प्रसारण यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर किया जाएगा, जिससे देश-विदेश के भक्त भी जुड़ सकेंगे।

समिति पदाधिकारियों ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे कार्यक्रम में शामिल होकर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करें। शहर में इस धार्मिक आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है और तैयारियां अंतिम चरण में हैं।