देहरादून। थानो क्षेत्र में हाल ही में मस्जिद सील किए जाने की कार्रवाई को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मुस्लिम सेवा संगठन ने इस कार्रवाई का विरोध करते हुए शुक्रवार को जिला अधिकारी कार्यालय की ओर कूच किया। इस दौरान बड़ी संख्या में समुदाय के लोग एसटीएफ कार्यालय के बाहर एकत्र हुए, जिससे इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

मस्जिद सीलिंग पर जताया विरोध

मुस्लिम सेवा संगठन का कहना है कि मस्जिद से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज मौजूद होने के बावजूद प्रशासन ने उसे सील कर दिया, जो अनुचित है। संगठन ने इस कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताते हुए उच्च स्तर पर जांच की मांग की है।

स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई और विरोध

गौरतलब है कि थानो क्षेत्र के कण्डोगल (कुडियाल गांव) में स्थित जामा मस्जिद और उससे जुड़े मदरसे के भूतल को प्रशासनिक कार्रवाई के तहत एमडीडीए द्वारा सील किया गया था। यह कार्रवाई पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में विरोध के बीच की गई थी।

इसके बाद काली सेना, बजरंग दल और कुछ स्थानीय संगठनों ने थानो चौक पर हवन कर विरोध दर्ज कराया था। इन संगठनों ने पहले से ही प्रशासन पर लगातार कार्रवाई का दबाव बनाया हुआ था और कई बार धरना-प्रदर्शन भी किया गया था।

पंजीकरण को लेकर भी उठे सवाल

आरोप है कि मस्जिद उत्तराखंड वक्फ बोर्ड और मदरसा बोर्ड में पंजीकृत नहीं थी, जिसकी जांच संबंधित विभागों द्वारा की गई थी। जांच के बाद ही पहले भूतल और बाद में प्रथम तल को सील किया गया था। प्रथम तल को 17 दिसंबर को सील किया गया था, जबकि भूतल को हाल ही में बंद किया गया।

ध्वस्तीकरण की मांग

काली सेना के प्रदेश प्रमुख भूपेश जोशी ने कहा कि केवल सीलिंग पर्याप्त नहीं है, बल्कि जल्द से जल्द मस्जिद के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होनी चाहिए।