बागपत: शहर के राष्ट्र वंदना चौक पर शुक्रवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब लव जिहाद के विरोध में पुतला फूंकने पहुंचे बजरंग दल कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मी के बीच विवाद हो गया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि सिपाही और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई हो गई, जिसमें सिपाही के कपड़े तक फट गए।

जानकारी के अनुसार, बजरंग दल के कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष यशपाल शास्त्री के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए चौक पर पहुंचे थे और पुतला दहन की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान कोतवाली में तैनात सिपाही संदीप कुमार, जो उस समय वर्दी में नहीं था और जिनकी ड्यूटी भी वहां निर्धारित नहीं थी, मौके पर पहुंचा और कार्यकर्ताओं के हाथ से पुतला छीन लिया।

इस कार्रवाई से कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और उन्होंने सिपाही से बहस के बाद मारपीट शुरू कर दी। मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने किसी तरह बीच-बचाव कर सिपाही को अलग किया, लेकिन तब तक विवाद बढ़ चुका था। इसके बाद भी कुछ कार्यकर्ताओं ने विरोध जारी रखा और हंगामा किया।

घटना के बाद बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना पर पहुंचे सीओ विजय चौधरी और सीओ ट्रैफिक ने समझाकर जाम खुलवाया और स्थिति को नियंत्रित किया।

बाद में प्रशासनिक आश्वासन मिलने पर कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन किया और जुलूस निकालते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने ज्ञापन सौंपा। संगठन का कहना है कि उनका प्रदर्शन शांतिपूर्ण था, लेकिन पुलिसकर्मी के व्यवहार से स्थिति बिगड़ी।

मामले की जांच के बाद पुलिस प्रशासन ने सिपाही संदीप कुमार को लाइनहाजिर कर दिया है। जांच में यह भी सामने आया कि उनकी ड्यूटी उस स्थान पर नहीं थी और वे बिना वर्दी वहां पहुंचे थे।

एसपी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच सीओ विजय कुमार को सौंपी गई है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।