पिथौरागढ़-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद वाहन में आग लग गई और देखते ही देखते पूरी कार जलकर खाक हो गई।
जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना मरोड़ाखान और बापरू के बीच हुई, जहां अचानक नियंत्रण खोने के कारण कार सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर गई। गिरते ही वाहन में शॉर्ट सर्किट हुआ और आग भड़क उठी।
इस हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि गाड़ी गिरने के दौरान एक महिला और दो बच्चे वाहन से बाहर निकलकर खाई में जा गिरे, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
स्थानीय प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य जारी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।