दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के बाद उत्तराखंड परिवहन निगम ने इस रूट पर अपनी बस सेवाओं का विस्तार कर दिया है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पांच नई वॉल्वो बसें शुरू की गई हैं। इसके साथ ही अब इस मार्ग पर कुल 13 वॉल्वो, 6 एसी (जनरथ) और 2 साधारण बसें संचालित हो रही हैं।
किराए में भी बड़ी राहत
एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद यात्रा दूरी में कमी आने का असर किराए पर भी पड़ा है। रोडवेज ने सभी श्रेणियों के किराए में कटौती की है, जिससे यात्रियों को 65 रुपये से लेकर 236 रुपये तक की राहत मिल रही है।
नई दरों के अनुसार वॉल्वो बस का किराया 945 रुपये से घटकर 709 रुपये, जनरथ एसी बस का किराया 704 रुपये से घटकर 557 रुपये और साधारण बस का किराया 420 रुपये से घटकर 355 रुपये हो गया है।
बढ़ती डिमांड के चलते सेवाओं का विस्तार
सहायक महाप्रबंधक (ग्रामीण), देहरादून प्रतीक जैन ने बताया कि एक्सप्रेसवे के जरिए दिल्ली जाने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए बसों की संख्या बढ़ाई गई है, ताकि यात्रियों को बेहतर और समय पर सेवा मिल सके।
नई बसों का शेड्यूल
नई जोड़ी गई बसों का संचालन दिनभर अलग-अलग समय पर किया जाएगा—
- सुबह 08:00 बजे
- सुबह 09:00 बजे
- दोपहर 02:30 बजे
- शाम 06:00 बजे
- रात 10:30 बजे
एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद यात्रा लगभग 50 किलोमीटर कम हो गई है, जिससे सफर न केवल तेज हुआ है बल्कि अधिक सुविधाजनक भी बन गया है।