गणेश चतुर्थी पर सीएम रेखा गुप्ता ने मंदिर में की पूजा

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर कनॉट प्लेस स्थित प्राचीन शिव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान गणेश से राजधानी की प्रगति और विकास योजनाओं के निर्विघ्न पूर्ण होने की प्रार्थना की। इस मौके पर उन्होंने देशवासियों को पर्व की शुभकामनाएँ भी दीं।

रेखा गुप्ता ने कहा कि गणेश चतुर्थी के पावन दिन पर मैं समस्त देशवासियों को शुभकामनाएँ देती हूँ। मेरी प्रार्थना है कि दिल्ली लगातार आगे बढ़े और हर कार्य में सफलता मिले। भगवान गणेश सब पर अपनी कृपा बनाए रखें।

आज 27 अगस्त 2025 को देशभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ गणेश चतुर्थी का पर्व मनाया जा रहा है। इसे विघ्नहर्ता गणेश के जन्मोत्सव के रूप में माना जाता है। गणपति को ज्ञान, समृद्धि और शुभता का प्रतीक समझा जाता है। भाद्रपद मास की शुक्ल पक्ष की चतुर्थी से गणपति उत्सव की शुरुआत होती है। गजानन, वक्रतुंड, एकदंत और सिद्धिविनायक जैसे अनेक नामों से पूजे जाने वाले गणेश इस दिन घर-घर विराजमान होते हैं।

इस अवसर पर भक्तजन घरों और मंदिरों में गणेश प्रतिमा की स्थापना कर मंत्रोच्चार और आरती के साथ पूजन करते हैं। मान्यता है कि श्रद्धा भाव से आरतियाँ करने पर भगवान गणेश विशेष आशीर्वाद देते हैं।

गणेश चतुर्थी 2025 का शुभ मुहूर्त
पंचांग के अनुसार भाद्रपद शुक्ल चतुर्थी तिथि 26 अगस्त को दोपहर 1:53 बजे आरंभ होकर 27 अगस्त को दोपहर 3:43 बजे तक रहेगी। उदया तिथि के आधार पर पर्व का आयोजन 27 अगस्त को किया जा रहा है। गणपति स्थापना के लिए सर्वश्रेष्ठ समय प्रातः 11:00 बजे से 1:30 बजे तक का अभिजीत मुहूर्त बताया गया है। परंपरा के अनुसार सूर्योदय से पहले स्नान कर व्रत का संकल्प लेना और उसके बाद स्थापना करना विशेष फलदायी माना जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here