देहरादून के नगर कोतवाली क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग से कथित छेड़छाड़ के मामले ने तूल पकड़ लिया। आरोप है कि किराए पर रहने वाली बच्ची के साथ मकान मालिक ने गलत हरकत की कोशिश करते हुए उसे जबरन शौचालय की ओर ले जाने का प्रयास किया। घटना के सामने आते ही इलाके में तनाव फैल गया और भारी हंगामा शुरू हो गया।
मौके पर पहुंची भीड़ और हंगामा
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों के साथ-साथ कुछ हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। आरोपित पर आक्रोश जताते हुए भीड़ ने उसकी पिटाई कर दी और उसकी दुकान में तोड़फोड़ भी की।
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
सूचना पर पहुंची नगर कोतवाली पुलिस ने हालात को नियंत्रित करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पलटन बाजार में बंदी और प्रदर्शन
घटना के बाद इलाके का माहौल और तनावपूर्ण हो गया। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने आरोपी के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और पलटन बाजार क्षेत्र में दुकानों को बंद कराने का प्रयास किया।
स्थिति बिगड़ते देख व्यापार मंडल और अन्य संगठनों ने भी नाराजगी जताई और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया और अतिरिक्त बल तैनात किया।