कोटा में 3-मंजिला इमारत ढही, मलबे में फंसे कई लोग; बचाव कार्य जारी

कोटा। राजस्थान के कोटा शहर में शनिवार रात करीब 9 बजे तलवंडी इलाके में एक तीन मंजिला इमारत अचानक गिर गई। इमारत के भूतल पर ‘दिल्ली नॉनवेज’ नाम का रेस्टोरेंट संचालित हो रहा था। हादसे के समय रेस्टोरेंट में कर्मचारी और ग्राहक मौजूद थे, जो मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
मलबा हटाने का काम जारी
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा राहत दल मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। सुरक्षा कारणों से इलाके की बिजली बंद कर दी गई। जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। अब तक पांच लोगों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है और उनका इलाज चल रहा है। रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है, लेकिन यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मलबे में कुल कितने लोग फंसे हैं।
हादसे से पहले तेज धमाके की आवाज
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे से कुछ मिनट पहले तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। इसके तुरंत बाद इमारत ढह गई। मलबे के भीतर से “बचाओ-बचाओ” जैसी आवाजें भी सुनाई दीं, जिस पर आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े।
स्थानीय लोगों का दावा
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि दिल्ली नॉनवेज रेस्टोरेंट में आमतौर पर 8-10 कर्मचारी रहते हैं और रात के समय ग्राहक भी आते हैं। हादसे के समय कुछ छात्र भी खाना खा रहे थे। उन्होंने यह आरोप लगाया कि पास की इमारत में लंबे समय से निर्माण कार्य चल रहा था, जिसमें रोजाना ड्रिल और हैमर का उपयोग होता था। इससे आसपास की इमारतों में कंपन महसूस होते थे, जिससे यह इमारत कमजोर हो गई थी।
प्रशासन ने क्षेत्र को सील किया
हालांकि हादसे की असली वजह की जांच के लिए तकनीकी टीम बुला ली गई है। प्रशासन ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और बचाव कार्य प्राथमिकता से जारी है।
मंत्री मदन दिलावर ने किया निरीक्षण
राजस्थान सरकार के मंत्री मदन दिलावर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्य तेजी से संपन्न करने के निर्देश दिए। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि अभी किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है। बचाव दल पूरी तत्परता के साथ काम कर रहा है और रेस्क्यू पूरा होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.