अमरोहा: तंत्र-मंत्र के नाम पर किसान से 1.80 करोड़ रुपये ठगने का आरोप

अमरोहा। बछरायूं थाना क्षेत्र में एक किसान से तंत्र-मंत्र और पैसे दोगुना करने का झांसा देकर करीब 1.80 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने आरोपी पर रकम वापस मांगने पर तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
इलाज के दौरान शुरू हुआ संपर्क
सरकड़ा कलां गांव निवासी किसान आकाश चौधरी ने थाने में दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2022 में उनकी मुलाकात अतरपुरा निवासी एक तांत्रिक से हुई थी। पीड़ित के अनुसार, वह व्यक्ति खुद को तांत्रिक बताता था और अक्सर काला चश्मा लगाए रहता था। स्थानीय लोगों के बीच उसे नेत्रहीन बताया जाता है।
आकाश का कहना है कि उनकी मां के इलाज के सिलसिले में वह आरोपी के संपर्क में आए थे, जिसके बाद आरोपी ने रुपये दोगुना करने का लालच देना शुरू किया।
छोटे निवेश से शुरू हुआ भरोसा
पीड़ित के मुताबिक शुरुआत में आरोपी ने 10 हजार रुपये लिए और कुछ समय बाद 20 हजार रुपये लौटाकर उनका विश्वास जीत लिया। इसके बाद वह लगातार बड़ी रकम निवेश करता गया। दावा है कि इस दौरान कुल मिलाकर उसने आरोपी को लगभग 1.80 करोड़ रुपये दिए, जिसमें 35 लाख रुपये बैंक ट्रांसफर और बाकी नकद शामिल है।
पैसे वापस मांगने पर धमकी का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि लंबे समय बाद भी न तो मूलधन वापस किया गया और न ही दोगुना रकम दी गई। जब उसने पैसे वापस मांगने की कोशिश की, तो आरोपी ने बार-बार टालमटोल किया।
किसान का कहना है कि 20 जून को आरोपी ने पूरी रकम लौटाने का वादा किया था, लेकिन तय दिन पर जब वह पैसे लेने पहुंचा तो उसने साफ इनकार कर दिया। इसी दौरान आरोपी पर तमंचा दिखाकर धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस जांच में जुटी
पीड़ित ने पहले भी तीन बार शिकायत देने की बात कही है। मामले में क्षेत्राधिकारी अंजलि कटारिया ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.