बरगी डैम क्रूज हादसा: तूफान में नाव डूबी, 5 की मौत, 18 लापता

मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज आंधी और अचानक आए तूफान के बीच खमरिया टापू के पास पर्यटकों से भरा एक क्रूज असंतुलित होकर डूब गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग मदद के लिए चीखते-चिल्लाते नजर आए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार क्रूज में 35 से अधिक लोग सवार थे। इनमें से अब तक पांच लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि करीब 15 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। वहीं 18 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।
जानकारी के मुताबिक, पर्यटन विभाग द्वारा संचालित इस क्रूज यात्रा के लिए 29 यात्रियों के टिकट जारी किए गए थे, लेकिन मौके पर इससे अधिक लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि शाम करीब 6 बजे मौसम अचानक बिगड़ गया और तेज आंधी के कारण क्रूज का संतुलन बिगड़ गया, जिसके बाद वह डूबने लगा।
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। बरगी थाना पुलिस के साथ एसडीआरएफ की टीम ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। गोताखोरों की मदद से लोगों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। कुछ लोग तैरकर खुद को बचाने की कोशिश करते नजर आए।
सीएसपी बरगी अंजुल अयंक मिश्रा ने पांच शव बरामद होने की पुष्टि की है, जबकि कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के अनुसार खोज और बचाव अभियान लगातार जारी है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे को गंभीर बताते हुए वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राहत कार्य तेजी से चलाया जा रहा है और सभी लापता लोगों को खोजने के प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं मंत्री राकेश सिंह ने भी घटना पर गहरा शोक जताते हुए रेस्क्यू कार्य को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं और स्वयं मौके के लिए रवाना होने की जानकारी दी है।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से राहत कार्य तेज करने और लापता लोगों को जल्द सुरक्षित निकालने की अपील की है। साथ ही उन्होंने मामले की मजिस्ट्रेट जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग भी की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.