मुरैना में खौफनाक वारदात: पति ने पत्नी और दो बच्चों की हत्या कर की आत्महत्या

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद ने पूरे परिवार को खत्म कर दिया। एक व्यक्ति ने पत्नी और अपने दो मासूम बच्चों की कुल्हाड़ी से हत्या करने के बाद खुद ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी।
यह दर्दनाक वारदात माता बसैया थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव की है, जहां शनिवार सुबह घर के अंदर तीन शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।
विवाद के बाद लौटकर आया था पत्नी को ससुराल
जानकारी के अनुसार, किशनपुर निवासी बलराम कुशवाह का अपनी पत्नी रविता (30) से लंबे समय से विवाद चल रहा था। विवाद के चलते वह कुछ समय के लिए अपने मायके कुतवार गांव चली गई थी।
करीब दो दिन पहले पंचायत के बाद उसे वापस ससुराल लाया गया था, लेकिन तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ था।
रात में हुआ विवाद, कुल्हाड़ी से हमला
शुक्रवार रात पति-पत्नी के बीच फिर से कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई। गुस्से में आकर बलराम ने पत्नी रविता और अपने दो बेटों—आरव (10) और अतुल (7)—पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे तीनों की मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सुबह खुला खौफनाक राज
सुबह जब घर के दरवाजे लंबे समय तक नहीं खुले तो पड़ोसियों को शक हुआ। अंदर जाकर देखा तो खटिया से कुछ दूरी पर तीनों शव खून से लथपथ पड़े थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मौके से खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद की है।
कुछ घंटों बाद मिला आरोपी का शव
इसी बीच शनिवार सुबह जानकारी मिली कि आरोपी बलराम ने शिकारपुर फाटक के पास ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने दोनों घटनाओं को जोड़कर जांच शुरू कर दी है।
शक और विवाद बना वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच तनाव की बड़ी वजह चरित्र पर शक बताया जा रहा है। बताया जाता है कि हाल ही में हुए एक धार्मिक कार्यक्रम में पत्नी के डांस का वीडियो वायरल होने के बाद विवाद और गहरा गया था।
इसके बाद से दोनों के बीच लगातार तनाव बना हुआ था।
पुलिस जांच जारी
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से मिले सबूतों और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.