भोपाल में महिला कांग्रेस का अनोखा विरोध, महंगाई पर ‘रसोई संसद’ प्रदर्शन

भोपाल में विधानसभा सत्र के दौरान महंगाई को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को महिला कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में सरकार के खिलाफ विरोध जताया। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी सेठिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने धरना दिया।
प्रदर्शन का अनोखा अंदाज
महिला कार्यकर्ता सिलेंडर, खाली कड़ाही, चकला-बेलन और थालियां लेकर पहुंचीं। उन्होंने थाली बजाकर विरोध दर्ज कराया और प्रतीकात्मक रूप से रोटियां बेलते हुए यह संदेश दिया कि बढ़ती महंगाई घर-घर की रसोई को प्रभावित कर रही है। इस प्रदर्शन को ‘रसोई संसद’ नाम दिया गया।
कार्यकर्ताओं का कहना था कि दाल, तेल, आटा और अन्य जरूरी खाद्य वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे मध्यम और गरीब परिवारों पर आर्थिक दबाव बढ़ा है। उन्होंने गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को भी जिम्मेदार ठहराया और सिलेंडर की कीमत 400 रुपये करने की मांग दोहराई।
आगे की रणनीति
रीना बोरासी सेठिया ने चेतावनी दी कि यदि 18 फरवरी को पेश होने वाले बजट में महंगाई से राहत के उपाय शामिल नहीं किए गए, तो 19 फरवरी को वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के आवास का घेराव किया जाएगा। उन्होंने उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों की समस्या का भी जिक्र किया, जिसमें कई लोग सिलेंडर भरवाने में सक्षम नहीं हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में लोग लकड़ियां जलाकर खाना बनाने को मजबूर हैं।
विधानसभा परिसर में विरोध
इसी बीच विधानसभा के बाहर कांग्रेस विधायकों ने सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के विरोध में प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में विधायक गंदे पानी की बोतल लेकर गांधी प्रतिमा के सामने नारेबाजी करते नजर आए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.