बिजनौर: बरात की चढ़त के दौरान बवाल, युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

बिजनौर। नजीबाबाद क्षेत्र के भागूवाला में गुरुवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान बरात की चढ़त के समय विवाद हो गया। इस दौरान हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। वीडियो में एक युवक को दौड़ाकर पीटते हुए देखा जा सकता है, जबकि फायरिंग के भी दावे किए गए हैं। हालांकि पुलिस ने गोली चलने की बात से इनकार किया है।
घटना मंडावली थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव की बताई जा रही है, जहां निवासी मनोज कुमार ने अपनी बेटी की शादी के लिए भागूवाला स्थित एक बैंक्वेट हॉल बुक किया था। गुरुवार को हकीमपुर गांव से बरात पहुंची थी।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे बरात की चढ़त के दौरान कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में विवाद में बदल गई।
युवक को घेरकर दौड़ाया, मारपीट का वीडियो वायरल
आरोप है कि बरात में शामिल कुछ युवकों ने लड़की पक्ष से जुड़े काशीरामपुर निवासी आकाश गुप्ता पुत्र सुरेश गुप्ता को घेर लिया। जब आकाश वहां से बचकर भागने लगा तो आरोपियों ने उसका पीछा कर मारपीट की। यह पूरी घटना किसी व्यक्ति ने कैमरे में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।
करीब एक मिनट नौ सेकंड के वायरल वीडियो में कई युवक भागते और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के कुछ सेकंड बाद तेज आवाजें भी सुनाई देती हैं, जिसके बाद फायरिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच में गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई है।
फायरिंग के दावे पर पुलिस का खंडन
वीडियो में मौजूद कुछ लोगों द्वारा फायरिंग की बात कही गई है और एक युवक के नाले में गिरने का भी उल्लेख किया गया है। लेकिन मौके की जांच के बाद पुलिस ने इन दावों को निराधार बताया है।
पीड़ित ने दी तहरीर, जांच में जुटी पुलिस
शुक्रवार को पीड़ित आकाश गुप्ता ने मंडावली थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
सीओ आकांक्षा गौतम ने बताया कि शादी समारोह के दौरान युवकों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी, लेकिन फायरिंग की कोई पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.