बिजनौर: छह साल के बच्चे के पेट में किशोर ने लगाया ऑक्सीटोसिन का इंजेक्शन, मौत

बिजनौर जिले के मंडावर क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां झगड़े के दौरान छह वर्षीय बच्चे को पशुओं को लगाए जाने वाले ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन देने का आरोप लगा है। इलाज के दौरान मेरठ मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार सुबह बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मंडावर के मोहल्ला कस्सावान निवासी गुलजार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार शाम उनकी 13 वर्षीय बेटी सोजी मदरसे से घर लौट रही थी। रास्ते में एक 14 वर्षीय किशोर से उसका किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो मारपीट में बदल गया।
शोर सुनकर सोजी की मां रेशमा और छह वर्षीय बेटा रुहान भी मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान दोनों पक्षों के परिजन भी वहां जमा हो गए और विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी अफरातफरी के बीच आरोपी पक्ष के किशोरों ने रुहान को अपने घर ले जाकर उसके पेट में ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन लगा दिया, जो सामान्यतः पशुओं के लिए उपयोग किया जाता है।
परिजनों का कहना है कि शुरुआत में बच्चे की हालत सामान्य रही, लेकिन अगले दिन से उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और शरीर में ऐंठन शुरू हो गई। पहले उसे स्थानीय डॉक्टरों को दिखाया गया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ।
बुधवार को स्थिति गंभीर होने पर उसे बिजनौर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे रुहान ने दम तोड़ दिया।
परिजनों ने यह भी बताया कि बच्चे ने अपनी मां को बताया था कि उसके पेट में इंजेक्शन लगाया गया था। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
वहीं, मारपीट के मामले में पहले ही रेशमा ने थाना मंडावर में शिकायत दी थी, लेकिन स्थानीय स्तर पर समझौता हो गया था। बाद में बच्चे की हालत बिगड़ने पर मामला गंभीर रूप ले गया।
पुलिस का बयान
सीओ ने बताया कि बच्चे की मौत की सूचना मिली है और परिजनों के आरोपों के आधार पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.