महोबा में बरगद से टकराई डीसीएम, 20 खच्चरों की मौत, 12 लोग घायल

महोबा। जनपद के श्रीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरामाफ के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डीसीएम वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित विशाल बरगद के पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पेड़ जड़ से उखड़ गया। इस हादसे में ईंट भट्टे पर काम करने वाले एक ही परिवार के 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें चार छोटे बच्चे भी शामिल हैं। वहीं, वाहन में लदे 35 खच्चरों में से करीब 20 की मौके पर ही मौत हो गई।
घर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, प्रयागराज के मंझनपुर समदा क्षेत्र में ईंट भट्टे पर मजदूरी करने वाले तीन सगे भाइयों का परिवार छुट्टी मिलने के बाद डीसीएम से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान पिपरामाफ के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और पेड़ से टकरा गया। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
एक ही परिवार के कई सदस्य घायल
घायलों में लालू बेलदार, उनकी पत्नी रचना और उनके तीन बच्चे, विमलेश उर्फ लाली, उनकी पत्नी रानी और दो बच्चे, तथा इमराज, उनकी पत्नी रुबीना समेत कई परिजन शामिल हैं। साथ ही वाहन का चालक भी घायल हुआ है, जो आगरा जिले का रहने वाला बताया जा रहा है।
सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से जिला पुरुष अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से पांच गंभीर रूप से घायलों को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार कई घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
चालक फरार, कारणों की जांच जारी
हादसे के बाद डीसीएम चालक मौके से फरार हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, दुर्घटना का कारण या तो चालक को नींद की झपकी आना या नशे की स्थिति में वाहन चलाना हो सकता है, हालांकि पुलिस इसकी जांच कर रही है।
खच्चरों की मौत से बढ़ा नुकसान
इस हादसे में परिवार के साथ जा रहे लगभग 20 खच्चरों की भी मौत हो गई, जो उनके आजीविका का मुख्य साधन थे। इससे परिवार पर दोहरा संकट आ गया है।
प्रशासन से मदद की गुहार
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने रो-रोकर प्रशासन से इलाज और आर्थिक सहायता की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.