दिल्ली सरकार ने प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा के निधन पर राजकीय शोक घोषित किया

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के प्रथम मुख्य कार्यकारी पार्षद, साथ ही दिल्ली भाजपा के पहले अध्यक्ष प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा के निधन पर बुधवार को एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत पीड़ादायक और अपूरणीय क्षति बताया।
मुख्यमंत्री ने अपने सभी सरकारी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं और कहा कि राज्य सरकार की ओर से प्रो. मल्होत्रा का अंतिम संस्कार पूरे सम्मान के साथ किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने आज उनके निवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि वीके मल्होत्रा न केवल दिल्ली के सांसद और विधायक रहे, बल्कि भारतीय जनसंघ और भाजपा के प्रथम पंक्ति के सच्चे योद्धा थे।
उन्होंने दिल्ली की राजनीति को नई दिशा दी और एक जनसेवक के रूप में सेवा, अनुशासन और समर्पण का उदाहरण स्थापित किया। दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष के रूप में उन्होंने संगठन की नींव को मजबूत किया और कई कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन प्रदान किया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रो. मल्होत्रा का जीवन राष्ट्रनिष्ठा, संगठन कौशल और सादगी का उदाहरण रहा। वह कार्यकर्ताओं के लिए पितृ-तुल्य मार्गदर्शक थे और उनका निःस्वार्थ जीवन हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उनका निधन न केवल भाजपा परिवार के लिए, बल्कि दिल्ली के सामाजिक और राजनीतिक जीवन के लिए भी एक गहरी शून्यता छोड़ गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.