देवास: उधार में पेप्सी नहीं मिली तो दुकानदार पर फेंका पेट्रोल, जिंदा जलाने की कोशिश

देवास जिले के सोनकच्छ क्षेत्र के ग्राम तालोद में एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है, जहां उधार में पेप्सी देने से इनकार करने पर एक दुकानदार पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। इस घटना में दुकानदार गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि उसे बचाने की कोशिश में उसकी पत्नी और बहन भी मौके पर पहुंचीं।
पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, ग्राम तालोद निवासी फूलचंद (44) अपने घर पर किराना दुकान चलाते हैं। बताया जाता है कि आरोपी गोविंद उर्फ गोविंदा का भांजा दुकान पर उधार पेप्सी लेने आया था। दुकानदार ने उसे उधार देने से मना करते हुए अपने मामा को भेजने की बात कही, जिसके बाद वह चला गया।
कुछ घंटे बाद शाम करीब 6 बजे गोविंद अपने साथियों कृष्णपाल सिंह और आदर्श के साथ दुकान पर पहुंचा। आरोप है कि वहां पहुंचते ही उन्होंने विवाद शुरू कर दिया और जान से मारने की नीयत से पेट्रोल से भरी थैली दुकानदार पर फेंक दी।
पेट्रोल काउंटर और दुकानदार के शरीर पर फैल गया, जिससे माहौल अचानक खतरनाक हो गया।
माचिस फेंककर लगाई आग
आरोपियों ने इसके बाद माचिस जलाकर फेंकी, जिससे काउंटर में आग भड़क उठी और फूलचंद आग की चपेट में आ गए। घटना के बाद आरोपी गाली-गलौज करते हुए मौके से फरार हो गए।
गंभीर रूप से झुलसे दुकानदार
आग लगते ही फूलचंद किसी तरह बाथरूम की ओर भागे, जहां उनकी पत्नी और बहन ने पानी डालकर आग बुझाई। इस हादसे में उनके दोनों पैर जांघ तक और हाथ कोहनी तक झुलस गए।
दुकान में मौजूद उनका भांजा राज भी आग की चपेट में आकर घायल हो गया, जबकि दुकान का सामान भी जलकर नष्ट हो गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के रूप में तंवर सिंह और कल्याण सिंह का नाम सामने आया है। घायल फूलचंद का इलाज देवास-भोपाल हाईवे स्थित एक निजी अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने देहाती नालसी के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.