भोपाल में मकर संक्रांति पर सड़क हादसा, एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, 12 घायल

भोपाल के ग्रामीण क्षेत्र बैरसिया में मकर संक्रांति की रात एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य घायल हो गए। हादसा तब हुआ जब पिकअप वाहन और ट्रैक्टर-ट्रॉली आमने-सामने टकरा गए। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं और उनका इलाज अस्पताल में जारी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक और घायल सभी लोग विदिशा जिले के सिरोंज थाना क्षेत्र के रहने वाले थे और मकर संक्रांति के अवसर पर नर्मदापुरम में नर्मदा स्नान करने जा रहे थे। पिकअप वाहन में सवार कुल 15 लोग थे, जिनमें से पांच की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया और कई लोग वाहन के अंदर फंस गए, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
हादसे की सूचना पाते ही बैरसिया एसडीएम आशुतोष शर्मा, विधायक विष्णु खत्री, और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीरज चौरसिया अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज की स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि हादसा पिकअप वाहन की तेज रफ्तार के कारण हुआ। स्थिति सामान्य होने के बाद घायलों के बयान दर्ज किए जाएंगे।
थाना प्रभारी वीरेन्द्र सेन ने बताया कि दुर्घटना स्थल ठाकुर लाल सिंह स्कूल के पास था। मृतकों में लक्ष्मीबाई अहिरवार, बबली बाई, हरि बाई, दीपक और मुकेश अहिरवार शामिल हैं। वहीं घायलों में सूरज, विनीता, पुनीत, मोनिका, महक, नूरी बाई, लल्लू, प्रदीप और ज्योति का अस्पताल में उपचार जारी है। ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार दो लोग भी घायल हुए हैं।
बैरसिया पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और सभी घायल एवं मृतकों के परिवारजनों से बातचीत कर हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.