नर्मदापुरम में भीषण हादसा: बोलेरो पेड़ से टकराई, एक ही परिवार समेत 5 की मौत

नर्मदापुरम जिले के पिपरिया क्षेत्र में सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने पांच परिवारों की खुशियां छीन लीं। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के नजदीक डोकरीखेड़ा गांव के पास तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक बोलेरो में कुल सात लोग सवार थे। इनमें चालक प्रदीप प्रकाश धुर्वे, उनकी पत्नी ज्योति धुर्वे, आठ वर्षीय बेटा अक्षत धुर्वे समेत परिवार के अन्य सदस्य और परिचित शामिल थे। सभी लोग छिंदवाड़ा जिले के डेलाखाड़ी में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस पिपरिया लौट रहे थे। रास्ते में वे तामिया स्थित रिश्तेदार के घर भी रुके थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मटकुली और झिरिया के बीच वाहन चालक ने आगे चल रही एक बाइक को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान बोलेरो का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज गति से सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में प्रदीप धुर्वे, ज्योति धुर्वे, उनके पुत्र अक्षत धुर्वे, पंचम ठाकुर और कुलदीप ठाकुर की जान चली गई। वहीं आकाश धुर्वे और शरद उइके गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल पिपरिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। इस हादसे की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.