आरा में भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो की टक्कर से एक की मौत, दूसरा घायल

आरा। टाउन थाना क्षेत्र में आरा–पटना बाईपास रोड स्थित सपना सिनेमा मोड़ और सूर्य मंदिर के पास सोमवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दो दोस्तों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सिन्हा थाना क्षेत्र के संजोई गांव निवासी चंदेश्वर सिंह उर्फ करीमन सिंह के रूप में हुई है, जो पेशे से चालक थे और ट्रांसपोर्ट वाहन चलाते थे। वहीं घायल उनके मित्र सुमित कुमार पांडेय हैं, जो नवादा थाना क्षेत्र के वीडियो ब्लॉक रोड के निवासी बताए जाते हैं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जाता है कि टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने मुआवजे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। इस कारण करीब तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलने पर टाउन और ट्रैफिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है।
परिजनों के अनुसार, चंदेश्वर सिंह अपने मित्र सुमित के साथ बाइक से ट्रांसपोर्ट कार्यालय की ओर जा रहे थे, तभी मंदिर के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में चंदेश्वर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुमित गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक अपने परिवार में चार भाइयों और चार बहनों में दूसरे स्थान पर थे। उनके परिवार में पत्नी, पुत्र और पुत्री हैं। हादसे के बाद घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजन गहरे सदमे में हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.