होशियारपुर: खेलते समय 3 साल का बच्चा बोरवेल गड्ढे में गिरा, रेस्क्यू जारी

होशियारपुर जिले के गांव चक्क सामना में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब खेलते समय तीन साल का मासूम बच्चा बोरवेल के लिए खोदे गए गड्ढे में जा गिरा। करीब 15 फीट गहरे इस गड्ढे में गिरे बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए प्रशासन और बचाव दल लगातार प्रयास कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, तीन वर्षीय वंश अपने घर के पास ही खेल रहा था। परिवार ने लगभग 15 दिन पहले बोरवेल के लिए खुदाई करवाई थी, जिसमें पाइप तो डाली गई थी लेकिन करीब 15 फीट गहरा गड्ढा खुला ही छोड़ दिया गया था। इसी दौरान बच्चा खेलते-खेलते वहां पहुंच गया और रेतीली मिट्टी के कारण उसका पैर फिसल गया, जिससे वह सीधे गड्ढे में गिर गया।
घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। कुछ ही देर में प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस टीम और बचाव दल मौके पर पहुंच गए।
रेस्क्यू ऑपरेशन तेज
बच्चे को सुरक्षित रखने के लिए पाइप के जरिए गड्ढे में ऑक्सीजन पहुंचाई गई है ताकि उसे सांस लेने में परेशानी न हो। साथ ही जेसीबी मशीनों की मदद से गड्ढे के आसपास खुदाई कर उसे चौड़ा किया जा रहा है।
थाना प्रभारी किरण सिंह के अनुसार, बच्चा पाइप के अंदर नहीं बल्कि खुले गड्ढे में गिरा है और वह सुरक्षित स्थिति में है। मौके पर एनडीआरएफ की टीम भी पहुंचकर बचाव कार्य में जुट गई है।
प्रशासन और राहत दल मौके पर सक्रिय
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया। डीसी होशियारपुर आशिका जैन और एसएसपी संदीप कुमार मलिक ने खुद मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी शुरू कर दी है।
इसके अलावा स्थानीय सेवा दल और अन्य स्वयंसेवी संगठन भी बचाव कार्य में सहयोग कर रहे हैं। भारी मशीनों की मदद से लगातार खुदाई जारी है ताकि बच्चे तक सुरक्षित पहुंचा जा सके।
लुधियाना से पहुंची एनडीआरएफ टीम
रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज करने के लिए लुधियाना से एनडीआरएफ की विशेष टीम भी मौके पर पहुंच गई है। आधुनिक उपकरणों की मदद से टीम लगातार प्रयास कर रही है कि बच्चे को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.