दिल्ली-एनसीआर में उमस और गर्मी, पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली/देहरादून। दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में इस समय मौसम गर्म और उमस भरा बना हुआ है, जबकि पहाड़ी राज्यों जैसे उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं ने हड़कंप मचा रखा है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि मॉनसून की वापसी का दौर देश के कुछ हिस्सों में शुरू हो सकता है।
दिल्ली में आंशिक बादल और हल्की बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी दिल्ली में आज (19 सितंबर) आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की से बहुत हल्की बारिश हो सकती है। सुबह के समय हवा दक्षिण-पूर्व दिशा से 8-12 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलेगी। 21 सितंबर को मौसम साफ रहने की उम्मीद है और लोगों को गर्मी व उमस से थोड़ी राहत मिल सकती है।
उत्तर प्रदेश में गर्मी लौटने की संभावना
उत्तर प्रदेश में पिछले दो दिनों से हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहावना रहा, लेकिन आने वाले दिनों में बारिश का दौर लगभग थम जाएगा और गर्मी बढ़ सकती है। पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। 19 से 23 सितंबर तक प्रदेश के किसी भी हिस्से में भारी बारिश का अलर्ट नहीं है।
बिहार में भारी बारिश का अलर्ट जारी
बिहार के कई जिलों में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 19 और 20 सितंबर के लिए भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों ने लोगों से सावधानी बरतने और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से परहेज करने का अनुरोध किया है।
उत्तराखंड में सतर्कता बढ़ी
उत्तराखंड के देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून में भारी बारिश के कारण स्कूलों को बंद कर दिया गया है। चमोली जिले में बादल फटने की घटनाओं के बाद स्थानीय प्रशासन और लोगों में सतर्कता बढ़ गई है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पहाड़ी इलाकों में देर रात और तड़के के समय कूलिंग अधिक होती है, जिससे लो प्रेशर की स्थिति में भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.