राजस्थान में पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, गिरफ्तार

राजस्थान के बालोतरा जिले के गिड़ा थाना क्षेत्र के मलवा गांव में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सो रहे पति की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मलवा गोयलान निवासी 21 वर्षीय महेंद्र कुमार पुत्र पेमाराम मेघवाल की शादी करीब तीन वर्ष पहले बागुंडी निवासी अनु देवी से हुई थी। बताया जा रहा है कि अनु इस विवाह से संतुष्ट नहीं थी और शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद होने लगा था। अक्सर झगड़े के चलते महिला अधिकतर समय अपने मायके में ही रहती थी।
मायके में शिक्षक से हुआ प्रेम संबंध
मायके में रहने के दौरान अनु की पहचान तिलवाड़ा निवासी अमराराम मेघवाल से हुई, जो चिड़िया क्षेत्र के एक सरकारी विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत है। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और पिछले करीब दो वर्षों से उनके बीच प्रेम संबंध चल रहा था।
पंचायत के बाद लौटी थी ससुराल
पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद के चलते कई बार गांव में पंचायत भी बैठी। पंचायत के समझौते के बाद अनु ससुराल लौट आई थी, लेकिन ससुराल आने के दो दिन बाद ही उसने अपने प्रेमी अमराराम को फोन कर गांव बुला लिया।
सोते समय की वारदात
पुलिस के अनुसार दोनों ने मिलकर गहरी नींद में सो रहे महेंद्र कुमार का गला दबाकर हत्या कर दी। सुबह जब महेंद्र काफी देर तक नहीं उठा तो उसकी मां उसे जगाने कमरे में पहुंची। वहां उसने बेटे को मृत अवस्था में पाया और गले व शरीर पर खरोंच के निशान देखे।
इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पत्नी अनु और शिक्षक अमराराम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.