दून में शिक्षा निदेशक से अभद्र व्यवहार, भाजपा ने कड़ी कार्रवाई के दिए संकेत

भाजपा ने राजधानी दून में शिक्षा निदेशक के साथ हुई मारपीट की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया है। पार्टी ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की हिंसा और अराजकता को वह स्वीकार नहीं करती। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि जनसमस्याओं को उठाना किसी भी स्थिति में कानून तोड़ने का औचित्य नहीं बन सकता।
भाजपा जल्द ही अपने रायपुर विधायक उमेश काऊ से इस मामले में जवाब तलब करेगी। इसके तहत घटना के सभी पहलुओं और परिस्थितियों की जानकारी ली जाएगी, ताकि स्पष्ट हो सके कि यह घटनाक्रम क्यों हुआ। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दोषी पाए जाने पर पार्टी कड़ी कार्रवाई के पक्ष में है। उन्होंने शिक्षकों से भी शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि बोर्ड परीक्षाओं पर किसी भी तरह का असर नहीं पड़ना चाहिए।
शिक्षक और आम लोग भड़के
राजधानी दून में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के साथ हुई मारपीट के बाद शिक्षकों, कर्मचारियों और आम लोगों में गहरा आक्रोश है। शिक्षक संघ और अन्य संगठनों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
सोशल मीडिया पर भी घटना की तीव्र निंदा हुई। राजकीय शिक्षक संघ, रायपुर ब्लॉक के अध्यक्ष रामेंद्र राणा ने कहा कि कार्यालय में कार्यरत मिनिस्ट्रीयल स्टाफ के साथ हुई यह हरकत निंदनीय है और दोषियों के खिलाफ शीघ्र कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आंदोलन करने को बाध्य होगा।
स्थानीय लोगों ने किया प्रदर्शन
घटना के विरोध में कालीमंदिर में स्थानीय लोगों ने विधायक का पुतला जलाकर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि विधायक की मौजूदगी में उनके समर्थकों ने अधिकारी और कर्मचारियों के साथ मारपीट की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होने पर वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.