इंदौर: जन्मदिन पार्टी के भोजन से फूड पॉइज़निंग, कई लोग बीमार

इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में एक बच्चे की जन्मदिन पार्टी के बाद कई मेहमान फूड पॉइज़निंग का शिकार हुए। पार्टी में परोसे गए दाल-बाफले और अन्य व्यंजन खाने के बाद लोग उल्टी और दस्त की शिकायत के साथ अपने घर लौटे। हालांकि, किसी की हालत गंभीर नहीं है, और चार लोगों को एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भागीरथपुरा की शुक्ला गली में शनिवार को आकाश मुक्शिया के बेटे का जन्मदिन मनाया गया। इस अवसर पर 60 से अधिक रिश्तेदार और परिचित शामिल हुए। खाने में दाल-बाफले, लड्डू और अन्य व्यंजन परोसे गए। रविवार सुबह कुछ लोगों को पेट दर्द और उल्टी-दस्त की शिकायत हुई। मुक्शिया ने बताया कि लगभग 30 लोग बीमार हुए, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने अब तक दो मामलों की पुष्टि की है।
चूंकि यह मामला भोजन से संबंधित है, खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और खाने के सैंपल लिए। साथ ही नगर निगम ने पानी के सैंपल भी लिए हैं, जिनकी रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है।
आकाश मुक्शिया ने बताया कि घर में ही खाना तैयार किया गया था और खाना बनाने में बोरिंग का पानी उपयोग किया गया था। डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच में फूड पॉइज़निंग की संभावना जताई है। उनके परिवार के सदस्य भी बीमार हुए, जिन्हें सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में दिखाया गया।
मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव हसानी ने कहा कि रविवार को कुछ लोगों को पेट दर्द की शिकायत हुई और भागीरथपुरा की सरकारी डिस्पेंसरी में दो लोग आए। बाकी मरीजों की जानकारी अभी संकलित की जा रही है। सभी प्रभावितों की हालत फिलहाल स्थिर है और घबराने की जरूरत नहीं है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.