मुजफ्फरनगर: नशे के बड़े नेटवर्क का खुलासा, 76,800 प्रतिबंधित NRX कैप्सूल के साथ 6 तस्कर गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर पुलिस और एसओजी ने ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत नशे के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया।
- छह तस्करों को गिरफ्तार कर 76,800 प्रतिबंधित NRX कैप्सूल बरामद किए गए, जिनकी कीमत 20-25 लाख रुपये बताई गई।
- पुलिस मुख्य सप्लायर समेत पूरे गिरोह के नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच में जुटी है।
मुजफ्फरनगर: नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ मुजफ्फरनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। नई मंडी थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने ‘ऑपरेशन सवेरा’ अभियान के तहत छह नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 76,800 प्रतिबंधित NRX कैप्सूल बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 20 से 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
एसपी सिटी अमृत जैन ने मंगलवार को पुलिस ऑफिस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिलासपुर चौराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि कूकड़ा ग्राउंड में नशीले कैप्सूल की खेप को बांटने की तैयारी चल रही है। सूचना के आधार पर नई मंडी पुलिस और एसओजी की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और छह लोगों को पकड़ लिया।
पुलिस ने मौके से चार कार्टन बरामद किए, जिनमें बड़ी संख्या में प्रतिबंधित कैप्सूल रखे हुए थे। जांच में सामने आया कि बरामद कैप्सूल स्पासमोर और स्पासमेड कंपनी के हैं, जिनमें ट्रामाडोल जैसे प्रतिबंधित तत्व पाए जाते हैं। इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सुमित नाम का व्यक्ति उन्हें ये प्रतिबंधित दवाएं उपलब्ध कराता था। इसके बाद इन दवाओं को अवैध तरीके से बाजार में महंगे दामों पर बेचा जाता था। पुलिस के मुताबिक, ऐसी दवाओं की बिक्री केवल चिकित्सकीय सलाह और निर्धारित नियमों के तहत की जा सकती है, लेकिन आरोपी इन्हें नशे के लिए सप्लाई कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जावेद, नौशाद, मोहम्मद आजाद, नवीन कुमार, मोहम्मद कासिफ और सचिन गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि गिरोह का मुख्य सप्लायर सुमित अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
एसपी सिटी ने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है। पुलिस गिरोह के पूरे नेटवर्क, सप्लाई चैन, खरीद-फरोख्त के तरीकों और अन्य राज्यों से जुड़े संभावित कनेक्शनों की जानकारी जुटा रही है।
इस कार्रवाई पर एसपी सिटी अमृत जैन ने सीओ नई मंडी राजू कुमार साव और प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्र समेत पूरी टीम की सराहना की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.