कानपुर: होटल के कमरे में फंदे से लटका मिला कांग्रेस नेता के बेटे का शव, मचा हड़कंप

कानपुर। साकेतनगर स्थित अमन पैराडाइज होटल में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई जब कांग्रेस नेता हाजी मो. फजल खान के इंजीनियर बेटे मो. गयाश (32) का शव होटल के कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, परिजनों ने मामले में हत्या कर शव लटकाए जाने की आशंका जताई है।
तलाक महल निवासी मो. गयाश दिल्ली की एक निजी कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे और पिछले कुछ समय से वर्क फ्रॉम होम कर रहे थे। परिजनों के अनुसार शुक्रवार शाम वह यह कहकर घर से निकले थे कि वह दोस्तों के साथ बाहर जा रहे हैं और रात को घर नहीं लौटेंगे। इसके बाद वह साकेतनगर स्थित होटल पहुंचे, जहां उन्होंने कमरा लिया।
सुबह कमरे में फंदे से लटका मिला शव
होटल कर्मचारियों के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो कई बार आवाज दी गई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मास्टर-की की मदद से दरवाजा खोला तो अंदर गयाश का शव चादर के सहारे पंखे से लटका हुआ मिला।
महिला के साथ होटल पहुंचने की बात
होटल प्रबंधन सौरभ कुमार के अनुसार, गयाश शुक्रवार को एक महिला के साथ होटल आए थे। बताया गया कि रात करीब 7:30 बजे वह महिला को छोड़ने के लिए बाहर गए और बाद में अकेले कमरे में लौट आए। रात के समय उन्होंने ऑनलाइन खाना भी मंगवाया था।
कमरे से शराब और सिगरेट मिली
पुलिस जांच में सामने आया है कि कमरे से शराब की बोतल और सिगरेट का पैकेट भी बरामद हुआ है। किदवईनगर थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि फिलहाल परिजन आत्महत्या के कारणों को लेकर स्पष्ट कुछ नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
महिला मित्र से होगी पूछताछ, CCTV खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने बताया कि मामले में महिला मित्र से भी पूछताछ की जाएगी। साथ ही होटल की सीसीटीवी फुटेज और DVR को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं को स्पष्ट किया जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.