मध्य प्रदेश: कलश यात्रा के दौरान भगदड़, महिला की मौत और कई घायल

मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा में मंगलवार को नवग्रह पीठ की कलश यात्रा के दौरान भगदड़ मचने से एक महिला की मौत हो गई और छह से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में ज्यादातर महिलाएं हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तुरंत डबरा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मृतक महिला की पहचान रति साहू के रूप में हुई है, जो हनुमान कॉलोनी की निवासी थीं। गंभीर रूप से घायल महिला का नाम विमला बताया गया है। अस्पताल में महिला के मृत घोषित होने के बाद परिजन आक्रोशित होकर कलश यात्रा स्थल पर पहुंचे और प्रशासन को भगदड़ का जिम्मेदार ठहराया।
यह कार्यक्रम राज्य के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के सौजन्य से आयोजित किया जा रहा था, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए थे। यात्रा के दौरान भगदड़ की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर एंबुलेंस पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
कलश यात्रा का कार्यक्रम 20 फरवरी तक चलने वाला है। इस घटना ने श्रद्धालुओं और परिजनों में चिंता बढ़ा दी है। उन्होंने प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.